हमारी रसोई · हमारी कहानी
दिल का रास्ता, कड़ाही से
दिल तक जाने का रास्ता कड़ाही से होकर गुज़रता है

मैं नीता। मिथिला से हूँ — वो ज़मीन जहाँ हर त्योहार का मतलब है कड़ाही में कुछ खास बनना।
जब बेंगलुरु आई, तो सबसे ज़्यादा याद आया अपने घर का स्वाद। वो लड्डू जो माँ बनाती थीं, वो ठेकुआ जो छठ पूजा में बनता था, वो नमक पारे जो बारिश के दिन चाय के साथ खाते थे।
तो एक दिन सोचा — क्यों न वही स्वाद यहाँ बनाऊं? शुरू किया दोस्तों के लिए। फिर दोस्तों ने अपने दोस्तों को बताया। और मिथिला की कड़ाही बन गई।
ओपन सोर्स रसोई
वो कोड खोलते हैं। ये नुस्ख़े खोलती हैं।
मेरे पति सॉफ़्टवेयर में हैं। घर पर हमेशा "ओपन सोर्स, ओपन सोर्स" — कि लोग अपना कोड मुफ़्त में सबको दे देते हैं, ताकि कोई और उसे बेहतर बना सके।
मैंने सोचा — ये तो रसोई में भी हो सकता है। नुस्खे छुपाने की चीज़ थोड़े ही हैं। माँ ने मुझे सिखाया, नानी ने माँ को। किसी ने पैसे नहीं लिए।
तो हमने तय किया: हर नुस्ख़ा पूरा बताएँगे। कितना घी, कितनी चीनी, कौन सा कदम क्यों। कुछ नहीं छुपाएँगे।
और अगर बनाने का वक़्त न हो — तो हम हैं ना।
ये नुस्ख़े हमारे नहीं — ये हमारे बुज़ुर्गों और पुरखों की विरासत है।
बनाइए। बदलिए। सिखाइए। बेचिए भी।
बस इतना बता दीजिए कि सीखा कहाँ से — और बेचिए अपने नाम से, हमारे नाम से नहीं।
और हाँ, लड्डू न जमे तो वो आपके और आपकी कड़ाही के बीच की बात है।
बीएसडी जैसा ही, बस बेसन के लिए
कड़ाही के पीछे
बनाने वाले हाथ
रसोई मेरी है, पर अकेले की नहीं। मेरी माँ और मेरी बहन साथ में बनाती हैं — और सच कहूँ तो कुछ चीज़ें उनसे बेहतर मुझसे बनती ही नहीं।
तीन औरतें, एक कड़ाही, और बहुत सारी बहस कि लड्डू में इलायची कितनी डालनी है।
देसी घी।
डालडा नहीं।
बेसन और आटा।
मैदा नहीं।
ताज़ा, छोटे बैच।
प्रिज़र्वेटिव नहीं।
हम सिखाते हैं, छुपाते नहीं।
कोई राज़ नहीं।